- बाहर से आने वालों को गाँव में नो एंट्री
- स्वास्थ्य जांच के बाद ही मिलेगा गाँव में प्रवेश
हिसार/नारनौंद। विश्वव्यापी कोरोना महामारी के संक्रमण की रोकथाम के लिए समूचे हिन्दुस्तान में लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाऊन को सफल बनाने के लिए जहां सरकार, पुलिस व प्रशासन को सख्ती दिखाते हुए एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है वहीं संकट की इस घड़ी में ग्रामीण भारत राष्टÑसेवा की एक अद्भुत मिसाल पेश कर रहा है। शहरों में जहां पुलिस को सड़कों पर सख्ती दिखानी पड़ रही है वहीं ग्रामीण अनुशासनात्क तरीके से घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। यही नहीं कहीं ग्राम पंचायतें तो कहीं समाजसेवी संगठन लॉकडाउन के नियमों की पालना के लिए गाँवों के बाहर नाके लगाकर ठिकरी पहरा दे रहे हैं। गाँवों में बाहरी व्यक्तियों के आगमन पर पूरी तरह से बैन लगाया गया है। जिला हिसार के नारनौंद के गाँव लोहारी राघो की ग्राम पंचायत व समाजसेवी युवा भी गाँव के बाहर नाकाबंदी कर बाहर से आने वालों को गाँव से बाहर ही रोक रहे हैं। किसी भी बाहरी व्यक्ति की गाँव में एंट्री नहीं है। पूर्व सरपंच ओमप्रकाश ने बताया कि जानलेवा संक्रमण को गाँव में प्रवेश से रोकने के लिए वे हर संभव प्रयास में लगे हैं। सभी ग्रामीणों को सुरक्षित रखने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब तक लॉकडाउन रहेगा, गाँव के बाहर इसी तरह से नाकाबंदी रहेगी तथा बाहर से आने वाले हर शख्स को स्वास्थ्य जाँच के बाद ही गाँव में एंट्री दी जाएगी।


