संदीप कम्बोज
नारनौंद। गाँव लोहारी राघो में वीरवार दोपहर गेहूं के खेतों में लगी आग से करीब 6 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब 12 बजे लोहारी राघो-डाटा रोड पर स्थित गेहूं के खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रुप धारण कर लिया कि लोहारी राघो निवासी किसान ईश्वर सैनी की पौने 2 एकड़ व गाँव डाटा निवासी किसान लीला राम की 4 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना पर गाँव लोहारी राघो व डाटा के सैकड़ों किसान ट्रैक्टर व अन्य उपकरण लेकर खेतों की और दौड़े तथा आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग को न रोका जाता तो आज गौव लोहारी राघो में बड़ा नुकसान हो जाता। सैकड़ों एकड गेहूँ की फसल इसकी चपेट में आ सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों के लिए मुआवजे व आर्थिक सहायता की मांग की है। नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने भी राज्य सरकार से पीड़ित किसानों के लिए मुआवजे व आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
