- डाटा-लोहारी राघो सड़क समेत हल्के की कई बदहाल सड़कों के निर्माण पर भी दिया जोर
संदीप कम्बोज
नारनौंद। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने नारनौंद विधानसभा की कई लंबित परियोजनाओं पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया है। विधानसभा के अंतिम दिन विधायक जस्सी पेटवाड़ ने हिसार-जींद फोरलेन हाईवे (वाया राखी गढ़ी-मसूदपुर) के निर्माण में की जा रही लेट लतीफी पर कड़ी नाराजगी जताई है। (MLA-Jassi-Petwar-raised-the-voice-of-Hisar-Jind-four-lane-highway-in-the-assembly) इसके अलावा डाटा-लोहारी राघो समेत विधानसभा की कई खस्ताहाल सड़कों को लेकर भी सरकार को घेरा है। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2015 में हिसार-जींद फोरलेन हाईवे (वाया मसूदपुर, लोहारी राघो, मसूदपुर, राखी शाहपुर) बनाने की घोषणा की थी जिसका सर्वे हो चुका है तथा एस्टीमेट भी बन चुका है लेकिन आज 10 साल बाद भी इस प्रोजेक्ट का निर्माण शुरु नहीं हो पाया है। इस हाईवे के लिए अभी तक जमीन अधिग्रहण का कार्य ही पूरा नहीं हो पाया है। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने हिसार-जींद फोरलेन हाईवे के इस प्रोजेक्ट पर जल्द से जल्द कार्य शुरु किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि नारनौंद विधानसभा में अधिकतर सड़कों की हालत भी खस्ता हो चुकी है। उन्होंने बास से भकलाना, बास से बडाला, खांडा खेड़ी से नारनौंद, बास से पुट्ठी, डाटा से लोहारी राघो तक सड़कों की हालत बेहद ज्यादा खस्ता होने के कारण उनके पुर्ननिर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खेड़ी चोपटा गाँव से बरवाला-जींद रोड पर सड़क की हालत भी बेहद खराब है, उन्होंने इसके भी पुनर्निमाण की मांग उठाई। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि सरकार की फोरलेन सड़क निति के तहत हांसी-जींद सड़क मार्ग को भी फोरलेन किया जाए क्योंकि जींद बहुत पुराना जिला है और हांसी भी पुलिस जिला बन चुका है। उन्होंने नारनौंद में भी पीडब्ल्युडी रेस्ट हाऊस बनाए जाने की मांग रखी।
