- हर ग्रामीण लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिए भारत में पहली बार किसी गाँव द्वारा लागू की जा रही है यह योजना
- ग्राम पंचायत की अगली बैठक में पहनाया जाएगा योजना को अमलीजामा
संदीप कम्बोज
हिसार/लोहारी राघो। देश में सबसे पहले सेल्फी विद फार्मर का आगाज करने व प्रदेश में सबसे पहले निगरानी समिति बनाने के बाद अब जिला हिसार की ग्राम पंचायत लोहारी राघो हरियाणा की पहली ऐसी पंचायत बनने जा रही है जो अपनी खुद की योजनाएं बनाएगी और ग्राम पंचायत में लागू करेगी।(Lohari-Ragho-will-become-the-first-Gram-of-Haryana-to-start-its-own-schemes-mera-gaon-mera-haq-scheme) शुरुआत ‘मेरा गाँव मेरा हक’ योजना से की जा रही है जिसका मकसद केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी सरकारी योजनाओं का लाभ गाँव के प्रत्येक लाभार्थी को दिलवाना है। योजना को धरातल पर लागू करने के लिए बकायदा समिति का गठन कर लिया गया है। ग्राम पंचायत की अगली बैठक में इस योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। नवनिर्वाचित सरपंच सोनू सरोहा ने बताया कि ‘मेरा गाँव मेरा हक’ योजना देश में पहली बार ग्राम पंचायत लोहारी राघो द्वारा पंचायत स्तर लागू की जा रही है। इससे पहले पूरे भारतवर्ष में किसी भी गाँव की पंचायत या सरकार ने इस तरहह की योजना को लागू नहीं किया है।
जानें क्या है ‘मेरा गाँव मेरा हक’ योजना का पूरा प्रारुप
इस योजना का मकसद हरियाणा सरकार व केंद्र सरकार की गाँवों, ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों, महिलाओं, विकलांगों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, आर्थिक रुप से कमजोरों, पिछड़ी जातियों, अनुसूचित जातियों व गरीब जनता के लिए लागू की गई सभी सरकारी योजनाओं का लाभ गाँव के हर लाभार्थी को बिना किसी जातिगत भेदभाव के दिलवाया जाना है।
इसलिए पड़ी योजना को धरातल पर लाने की जरुरत, हर गाँव करे शुरुआत : सरपंच
गाँव के नवनिर्वाचित सरपंच सोनू सरोहा ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार ने ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों समेत हर वर्ग के लिए हजारों योजनाएं शुरु की हैं लेकिन इन योजनाओं का लाभ असल लाभार्थियों को नहीं मिल पाता। खासकर गाँव-देहात में तो ग्रामीणों को सरकार द्वारा शुरु की गई जनहितकारी योजनाओं की सही से जानकारी भी नहीं मिल पाती। इसलिए हमने अपने गाँव से यह पहल की है ताकि गाँव का एक भी नागरिक सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उसे स्वंय घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ मिले जो उसके लिए सरकार ने शुरु की हैं। इसके लिए हमने मेरा गाँव मेरा हक योजना शुरु कर छोटा सा प्रयास किया है। हमें पूरी उम्मीद है कि हमारा प्रयास रंग लाएगा और हम गाँव के हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव हर योजना का लाभ दिलवाने में कामयाब होंगे।
योजनाओं की जानकारी देने व लाभ दिलवाने गाँव के घर-घर जाएंगी टीमें
इस योजना के तहत सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए गाँव में टीम बनाकर कार्य किया जाएगा। सरकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरुक करने के लिए समय-समय पर गाँव में कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा लाभार्थियों को कटैगरी के आधार पर चिन्ह्ति कर घर-घर जाकर भी सरकारी योजनाओं बारे जागरुक किया जाएगा तथा उन्हें बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं लाभ दिलवाया जाएगा। साथ ही डिजिटल माध्यम जैसे कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी ग्रामीणों को व्हाट्सअप ग्रुप आदि के माध्यम से समय-समय पर ग्रामीणों को हर सरकारी योजना की जानकारी दी जाएगी।
कमेटी में महिला व एससी पंचों समेत होंगे ये सदस्य
‘मेरा गाँव मेरा हक’ योजना के तहत बनाई जाने वाली टीम में सरपंच के अलावा तीन पंच जिनमें एक महिला पंच, एक एससी पंच व एक पिछड़ी जाति के पंच को शामिल किया जाना है। इसके अलावा गाँव के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों व सेवानिवृत कर्मचारियों को भी इस योजना के तहत बनाई जाने वाली टीम में शामिल किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर इस योजना को लागू करने वाला लोहारी राघो हरियाणा ही नहीं अपितु भारत का सबसे पहला व इकलौता गाँव होगा।
