- 18 की उम्र पर घर पहुंचेगा वोटरकार्ड, 60 के बाद आएगा पेंशन बनवाने का अलर्ट
- लोहारी राघो में 1356 परिवारों की बननी हैं फैमिली आईडी
प्रवीन खटक। लोहारी राघो.com
लोहारी राघो। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लोहारी राघो में फैमिली आईडी बनाने का काम आज से शुरु हो गया। पहले दिन विद्यालय के 10+2 के विद्यार्थियों की फैमिली आईडी बनाई गई। यदि आप घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ लेना चाहते हैं तो आपके लिए भी फैमिली आईडी बनवाना जरूरी है। सरकार सभी परिवारों की फैमिली आईडी बनवा रही है। इस फैमिली आईडीके भविष्य में काफी लाभ मिलने वाले हैं। हरियाणा में 25 अगस्त से 2 सितंबर तक फैमिली आईडी बनाने का कार्य जोर-शोर से चलेगा। यदि आप भी फैमिली आईडी बनवाना चाहते हैं तो सरकारी स्कूल में जाकर बनवा लें। इसके लिए आपको परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, वोटर कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र व बैंक खाता पास बुक साथ ले जाना होगा। इसके लिए परिवार के सभी सदस्यों को भी जाने की जरूरत नहीं है। परिवार का कोई भी एक सदस्य जाकर फैमिली आईडी बनवा सकता है। फैमिली आईडी बनवाने के लिए सरकारी स्कूल में आने वाले हर नागरिक का मास्क लगाकर आना अनिवार्य है। बता दें कि गाँव लोहारी राघो में वर्तमान में 1356 परिवार हैं जिनकी फैमिली आईडी बनाई जानी हैं।
जानें क्या हैं इस फैमिली आईडी के लाभ
इस फैमिली आईडी को 14 नंबर की यूनिक आईडी के रूप में बनाया जाएगा, इसके साथ आधार कार्ड भी लिंक होगा। इसके जरिए परिवार के हर सदस्य व मुखिया की जानकारी आॅनलाइन अपलोड की जाएगी। जैसे ही परिवार का कोई सदस्य 18 वर्ष का होगा तो उसका वोटरकार्ड बनकर घर पहुंच जाएगा। अथवा घर का मुखिया या अन्य सदस्य 60 वर्ष का हो गया तो उसकी पेंशन संबंधित अलर्ट आपके पास पहुंच जाएगा। पूरे सिस्टम में पारदर्शित लाने के लिए सरकार प्लानिंग कर रही है। सबसे पहले सभी सरकारी विभागों के कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का इस स्कीम के तहत पंजीकरण भी अनिवार्य है।
तैयार कर लें ये दस्तावेज
1 परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड ।
2 जिन सदस्यों की वोट बनी हुई है, उनके वोटर कार्ड ।
3 सभी सदस्यों के बैंक खातों की पासबुक ।
4 सभी सदस्यों के जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल का सर्टिफिकेट ।
देनी होंगी ये जानकारियां
फैमिली आईडी बनवाने के लिए एक फार्म उपलब्ध करवाया जाएगा जो मुख्यत: परिवार के मुखिया के नाम होगा और इस आवेदन पत्र में परिवार के सभी सदस्यों के नाम के साथ अन्य जानकारियां जैसे माता-पिता अथवा पति का नाम, लिंग, जन्मतिथि, उम्र, मुखिया के साथ रिश्ता, आधार कार्ड संख्या व संपर्क नंबर लिखना होगा।
इन योजनाओं का मिलेगा फायदा
पीएम आवास योजना
आयुष्मान भारत स्कीम
पारिवारिक पेंशन
बुढ़ापा पेंशन
विभिन्न योजनाओं के तहत वितरित की जा रही स्कॉलरशिप
चालक लाइसेंस
लाडली और विवाह शगुन योजना
कृषि संबंधित योजनाएं।
व अन्य सरकारी योजनाएं


