- बाबा बंदा सिंह बहादुर युवा सेवा दल लोहारी राघो द्वारा लगाया गया कैंप
- कैंप में अनेक बच्चों को मिली पाठ्य पुस्तकें
- अनेक बच्चों ने किया पुस्तकों का आदान-प्रदान
- पुस्तकें पाकर खिले बच्चों के चेहरे
- गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का जताया आभार
लोहारी राघो. com
लोहारी राघो। ''पुरानी किताब थी, नया ज्ञान दे गई किसी जरूरतमंद को शिक्षादान दे गई। पढ़-लिखकर कोई सीख गया जीने का ढ़ंग, जैसे किसी बेजान को जीवनदान दे गई।'' कुछ इसी तरह की सोच लेकर बाबा बंदा सिंह बहादुर बुक बैंक ने जरुरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहायता हेतू बड़ा कदम उठाया है। महान शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के 350 वें पावन अवतार दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर साहिब लोहारी राघो में आज बाबा बंदा सिंह बहादुर बुक बैंक द्वारा कैंप का आयोजन किया गया जिसमें अनेक जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें प्रदान की गई व पुस्तकों का आपस में आदान-प्रदान किया गया। बाबा बंदा सिंह बहादुर युवा सेवा दल, लोहारी राघो के तत्वाधान में आयोजित इस कैंप में सेवादारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बाबा बंदा सिंह बहादुर गुरुद्वारा के प्रवक्ता ने बताया कि कैंप का मुख्य मकसद गरीब बच्चों की शिक्षा में सहायता करना है ताकि वे भी पढ़-लिखकर कुछ बन सकें। कैंप में कक्षा छठी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पुस्तकों का नि:शुल्क आदान-प्रदान किया गया। पुस्तकें प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खिले-खिले नजर आए तथा वे बार-बार गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का धन्यवाद कर रहे थे। इस अवसर पर बाबा बंदा सिंह बहादुर युवा सेवा दल के सभी सेवादार मौजूद रहे। बता दें कि बाबा बंदा सिंह बहादुर सिक्ख संप्रदाय द्वारा बुक बैंक स्थापित कर देशभर में गरीब व जरूरतमंद बच्चों की मदद की जा रही है।


