10वीं में अब न्यू आदर्श सी. सै. स्कूल लोहारी राघो की छात्रा अंजू ने पाया तीसरा स्थान
लोहारी राघो.com
लोहारी राघो। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन नतीजों में अब न्यू आदर्श सी. सै. स्कूल लोहारी राघो की छात्रा अंजू ने पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्राचार्या श्रीमती राकेश कुमारी ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर छात्रा अंजू को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। बता दें कि गत 10 जुलाई को घोषित 10वीं परीक्षा के नतीजों में न्यू आदर्श सी. सै. स्कूल लोहारी राघो की छात्रा अंजू पुत्री बारू राम ने 495 अंक हासिल कर प्रदेशभर में 7वां स्थान पाया था। लेकिन अंजू इससे संतुष्ट नहीं थी। उसे पूरा विश्वास था कि उसके नंबर कम आए हैं। अंजू ने रिचैकिंग के लिए आवेदन कर दिया। कल शुक्रवार देर सांय घोषित हरियाणा बोर्ड के नतीजे देख अंजू की खुशी की ठिकाना नहीं रहा। अब अंजू ने पहले से 3 अंक ज्यादा यानि 498 अंक हासिल कर प्रदेशभर में तीसरे पायदान पर जगह बना ली है। अंजू ने अब हिंदी में 100, गणित मेें 100, साइंस में 100, संगीत में 100 तो अंग्रेजी में 98 तो अंक हासिल किए हैं। अंजू का अनुक्रमांक 1020247432 है। अंजू की इस उपलब्धि पर परिजनों के साथ-साथ पूरे गाँव को भी नाज है। जैसे ही परिजनों, रिश्तेदारों व ग्रामीणों को अंजू की इस उपलब्धि का पता चला तो बधाईयां देने वालों का तांता लग गया। कोई मुंह मीठा करवा रहा था तो कोई फोन पर बधाई दे रहा था। बता दें कि 10 जुलाई को घोषित हरियाणा बोर्ड के 10वीं के नतीजों में प्रदेशभर से कुल 9 परीक्षार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया था।

