- सर्वजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने शुरू करवाया चार मंजिला भवन का काम
- ग्रामीणों व समाजसेवियों से की ज्यादा से ज्यादा चंदा देने की अपील
- विदेशी पर्यटकों के ठहरने से ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार
संदीप कम्बोज। www.lohariragho.in
लोहारी राघो। ऐतिहासिक गाँव लोहारी राघो को दुनिया के नक्शे पर चमकाने के लिए सर्वजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने एक ऐसा प्लान तैयार किया है यदि वह सिरे चढ़ा तो लोहारी राघो का न केवल देश-दुनिया में नाम होगा बल्कि यहां दूर-दराज के पर्यटक भी भ्रमण को आया करेंगे। (Wonderful-historical-place-to-be-built-in-Lohari-Ragho-Durga-temple) नंद किशोर चावला ने बताया कि गाँव लोहारी राघो अनाज मंडी स्थित दुर्गा मंदिर में ऐसा हिस्टोरिकल पैलेस बनाए जाने की तैयारी है जिसकी दुनियाभर में चर्चा हो और राखी गढ़ी आने वाले सभी पर्यटक इसे देखे बिना न रह सकें। मुख्य सड़क पर स्थित दुर्गा मंदिर के आधुनिक भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। नीचे बेसमेंट के अलावा इस चार मंजिला भवन में पर्यटकों के लिए विश्राम गृह, धर्मशाला व धर्मिक आयोजन के लिए सत्संग भवन भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस स्थल को अद्भुत व ऐतिहासिक बनाया जाएगा जिससे गाँव का गौरव बढ़ेगा। इस ऐतिहासिक स्थल के निर्माण के लिए उन्होंने ग्रामीणों व समाजसेवियों से ज्यादा चंदा देने की भी अपील की है ताकि इसका काम जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। चावला ने उम्मीद जताई कि हिसार जींद स्टेट हाईवे का निर्माण हो जाने के बाद गांव लोहारी राघो की पहचान अंतर्राष्ट्रीय फलक पर बढ़ेगी क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय धरोहर राखी गढ़ी आने वाले पर्यटक गाँव लोहारी राघो से ही गुजरेंगे। दुर्गा मंदिर में पर्यटकों के लिए आधुनिक विश्राम गृह बन जाने से पर्यटक यहां ठहरेंगे तो गाँव के लोगों को निश्चित तौर पर रोजगार मिलेगा और गाँव को भी अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।