- सबसे पहले सर्वजन समाज पार्टी के नंद किशोर चावला ने उठाई थी हिसार-जींद(वाया राखी-लोहारी)स्टेट हाईवे की मांग
- मांग को लेकर कई बार कर चुके धरना प्रदर्शन
लोहारी राघो। गाँव लोहारी राघो के ग्रामीणों को बधाई। नए साल की नई सुबह आप सबके लिए खुशखबरी लेकर आई है। अंतर्राष्ट्रीय हड़प्पाकालीन गाँव राखी गढ़ी व लोहारी राघो को हिसार-जींद स्टेट हाईवे से जोड़ने का सपना इस साल 2022 में पूरा होने जा रहा है। सर्वजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला का सात साल का लंबा संघर्ष रंग ले आया है और हरियाणा सरकार ने इस बड़े प्रोजेक्ट के निर्माण को हरी झंडी दे दी है और इस साल 2022 में इसका निर्माण कार्य शुरु होने जा रहा है। हिसार से जींद मार्ग वाया (मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर मिसिंग लिंक रूट नंबर-4) के निर्माण के लिए सरकार ने करीब 100 करोड़ की राशि भी जारी कर दी है। हाईवे के निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब जमीन अधिग्रहण की तैयारी है। इस हाईवे के लिए सरकार ने 21 जनवरी 2019 को पहली बार 33.68 करोड़ रुपए की राशि जारी की जबकि दूसरी किश्त में 66 करोड़ रुपए अभी हाल ही में अक्तूबर माह में भेजे गए हैं। 23 दिसंबर को जिला सचिवालय में आयोजित सड़क समिति की बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने इस हिसार-जींद स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य शुरु करने के आदेश दिए थे। जिला प्रशासन द्वारा 31 दिसंबर को जारी वर्ष 2022 की विकास परियोजनाओं की सूची में भी हिसार से जींद मार्ग वाया (मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर मिसिंग लिंक रूट नंबर-4) के निर्माण का जिक्र है। जिससे यह पूरी तरह से साफ हो गया है कि अब इस हाईवे का काम बहुत जल्द ही शुरु होने वाला है। हिसार-जींद स्टेट हाईवे बनने से इस रुट पर आने वाले गाँवों मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर आदि में न केवल जमीनों की कीमत में उछाल आएगा बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
नंद किशोर चावला ने वर्ष 2015 में उठाई थी मांग, कई बार किए धरने-प्रदर्शन
बता दें कि हिसार जींद स्टेट हाईवे (वाया मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर) के लिए सबसे पहले मांग सर्वजन समाज पार्टी के र्राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने उठाई थी। 2 फरवरी 2015 को पहली बार उन्होंने सीएम विंडो पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भेजे पत्र में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राखी गढ़ी को विकसित करने के उद्देश्य से स्टेट हाईवे से जोड़ने की मांग उठाई थी। इसके लिए चावला द्वारा आस-पास के ग्रामीणों के सहयोग से प्रदेश में कई बार धरने-प्रदर्शन भी किए गए। चावला ने सीएम मनोहर लाल पर पंजाबी विरोधी होने के आरोप तक लगाए। आखिरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह मांग मान ली और इसके निर्माण को हरी झंडी दे दी। 21 जनवरी 2019 को 33.68 करोड़ रुपए की धनराशि इस स्टेट हाईवे के निर्माण के लिए जारी की गई और अभी सितंबर 2021 में 66 करोड़ की दूसरी किश्त जारी की गई है। अब इस साल 2022 में इस पर काम शुरु होने जा रहा है जिससे लोहारी राघो समेत इस स्टेट हाईवे पर पड़ने वाले सभी गांवों में विकास का पहिला पहले से दोगुनी रफ्तार से दौड़ेगा।