संदीप कम्बोज
लोहारी राघो। ऐतिहासिक गाँव लोहारी राघो अब जिला हिसार के साथ-साथ प्रदेशभर में अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। गाँव के अनेक युवक-युवतियां विभिन्न क्षेत्रों में कामयाबी की इबारत लिखते आ रहे हैं। गाँव के दो बच्चों कशिश भ्याना व निताली खन्ना ने जहाँ नीट परीक्षा उतीर्ण कर गाँव का नाम रोशन किया है वहीं दर्जनों प्रतिभावान शिक्षा, सेना, पुलिस समेत विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। अब लोहारी राघो के एक ओर किसान के प्रतिभावान बेटे धमेंद्र डोलिया का चयन सीआरपीएफ में हुआ है। धर्मेंद्र गाँव लोहारी राघो निवासी मंजीत डोलिया के पुत्र हैं जबकि र्स्व. सुधन डोलिया मास्टर जी इनके दादा हैं। धर्मेंद डोलिया के सीआरपीएफ चयन की सूचना मिलते ही परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। उनके घर व मोबाइल फोन पर बधाईयों का सिलसिला शुरु हो गया है। बता दें कि 23 वर्षीय धमेंद्र डोलिया के पिता मंजीत डोलिया गांव में खेती करते हैं तथा माता संतोष रानी गृहिणी हैं। दादी सावित्री देवी व भाई भूपेंद्र व सुमित डोलिया भी धमेंद्र के चयन पर काफी उत्साहित हैं तथा घर पर बधाई देने के लिए आने वालों का मुंह मीठा करवा रहे हैं। धमेंद्र इससे पहले सीडीएस लेफ्टीनेंट की परीक्षा भी नौ बार उतीर्ण कर चुके हैं। धमेंद्र डोलिया अगले माह 21 नवंबर को ग्वालीयर में बतौर सब इंस्पेक्टर ज्वाइन करेंगे।
ये हैं लोहारी राघो के स्टार : शिक्षा, खेलों समेत विभिन्न क्षेत्रों में चमकाया गाँव का नाम
गाँव लोहारी राघो के अनेक होनहारों ने शिक्षा, खेलों समेत अलग-अलग क्षेत्रों में गाँव का नाम गर्व से रोशन किया है। गाँव लोहारी राघो निवासी राकेश खन्ना की पुत्री निताली खन्ना ने वर्ष 2017 में (नेशनल इलिजीबिलिटी कम इंट्रेस टेस्ट) राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उतीर्ण कर गाँव का नाम रोशन किया है। एनइइटी परीक्षा उतीर्ण करने वाली निताली खन्ना गाँव लोहारी राघो की पहली होनहार बेटी हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में किसान संजय भ्याना के बेटे कशिश भ्याना ने भी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उतीर्ण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा ग्रामीण बारु राम वर्मा की पुत्री अंजु वर्मा वर्ष 2019-20 में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में पूरे हरियाणा राज्य में तीसरा स्थान हासिल कर गाँव लोहारी राघो के साथ-साथ हल्का नारनौंद व जिला हिसार का मान बढ़ा चुकी हैं। वहीं ग्रामीण सुभाष ठकराल की पुत्री अनिता ठकराल ने भी वर्ष 2019-20 में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षा में पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल कर गाँव लोहारी राघो का नाम रोशन किया है। खेलों में भी लोहारी राघो की प्रतिभाएं पिछे नहीं हैं। ग्रामीण नरेंद्र बड़गुजर की पुत्री प्रेरणा बड़गुजर ने छोटी सी उम्र में ही कमाल कर दिखाया है। प्रेरणा ने अंडर-14 आयु वर्ग में योग की दुनिया में गाँव लोहारी राघो को विशेष पहचान दिलाई है। छोटी सी उम्र में योग के क्षेत्र में परचम लहराते हुए बिटिया प्रेरणा ने राज्य स्तर तक गाँव का नाम रोशन किया है। प्रेरणा अब तक कई बार जिला व राज्य स्तर की योग प्रतिस्पधार्ओं में पहला स्थान हासिल कर गाँव को गौरवान्वित कर चुकी हैं। पूरे गाँव को बेटी की प्रतिभा पर नाज है क्योंकि प्रेरणा बेटी का चयन राष्टÑीय स्तर पर आयोजित होने वाले खेलो इंडिया के लिए भी कर लिया गया है। इसके अलावा गाँव के साधु सरोहा जिला व ब्लॉक स्तरीय कई दौड़ प्रतियोगिताओं में मेडल व ट्राफियां जीतकर गाँव लोहारी राघो का नाम रोशन करते आ रहे हैं। इसके अलावा हरियाणा पुलिस के जवान श्रवण बड़गुजर के पुत्र जूनियर जुडो प्लेयर रोहित बड़गुजर ने भी महज 14 साल की उम्र में ही सफलता की बेमिसाल कहानी लिख डाली है। रोहित बड़गुजर ने महज डेढ़ साल की मेहनत में बड़े-बड़े धुरंधरों को पछाड़कर जूडो प्रतियोगिताओं में दो बार राज्य स्तर पर गोल्ड तो एक बार जिला स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल कर गाँव लोहारी राघो, जिला हिसार व अपने माँ-बाप का नाम रोशन किया है। वह अब तक दो बार राज्य स्तर तो कई बार जिला व स्कूल स्तरीय जूडो प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर सम्मान पा चुके हैं। सबसे बड़ी बात राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान रोहित बड़गुजर को हरियाणा गौरव सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। गाँव लोहारी राघो को रोहित बड़गुजर की इन शानदार उपलब्धियों पर नाज है। खेती व पशुपालन में भी यहाँ के किसानों ने खूब नाम कमाया है। भगवान दास कम्बोज समेत यहाँ के अनेक किसान बागवानी की खेती कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हैं। इसके अलावा ग्रामीण पशुपालक सुनील बिद्दू पुत्र किशन बिद्दू ने पशुपालन विशेषकर भेड़ पालन में पूरे जिला हिसार में पहला स्थान हासिल कर गाँव का मान बढ़ाया है। सुनील बिद्दू सांसी बिरादरी से हैं। इन्होंने भेड़ पालन में पूरे जिला हिसार में पहला स्थान प्राप्त कर गाँव लोहारी राघो का नाम रोशन किया। सुनील को विगत 18 सितंबर 2019 के दिन गौशाला डेरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजकीय पशुधन केंद्र हिसार के वैज्ञानिकों व एसडीएम हांसी वीरेंद्र सहरावत द्वारा भी सम्मानित किया गया था।


