- लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता (एसई ) ने दिए संकेत
- हिसार जिला उपायुक्त ने भी लोक निर्माण विभाग को जल्द कार्रवाई के दिए हैं आदेश
संदीप कम्बोज
हिसार/लोहारी राघो। हिसार-जींद स्टेट हाईवे के निर्माण की लेट लतीफी से नाराज हिसार जिला उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग सड़क एवं भवन के कार्यकारी अभियंता को भूमि अधिग्रहण का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दे दिए हैं। hisar-jind-state-heighway-work-started-to-april-first-week स्टेट हाईवे के 8 किलोमीटर तक के मार्ग (मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर मिसिंग लिंक रूट नंबर-4) के लिए अप्रैल माह के पहले सप्ताह से भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरु होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता (एसई ) ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग जमीन अधिग्रहण के लिए तैयार है। अप्रैल के पहले सप्ताह से इन गांवों में भूमि अधिग्रहण के लिए कार्रवाई शुरु कर दी जाएगी। वहीं एक्सीएन कमलदीप राणा ने बताया कि उनके पास तो हांसी का अतिरिक्त चार्ज 31 मार्च तक का है। एक अप्रैल से हांसी में नए एक्सीएन कार्यभार संभालेंगे, वही इस कार्य को सिरे चढ़ाएंगे। बुधवार को सर्वजन समाज पार्टी के राष्टÑीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने हिसार जिला उपायुक्त से मिलकर हिसार-जींद स्टेट हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य जल्द से जल्द करवाए जाने की गुहार लगाई थी। जिस पर डीसी हिसार ने जल्द से जल्द जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा कर हाईवे निर्माण करवाए जाने का आश्वासन दिया। बता दें कि हिसार-जींद हाईवे के लिए प्रदेश सरकार ने 21 जनवरी 2019 को 100 करोड़ का बजट मंजूर किया था जो कि 33 करोड़ व 66 करोड़ की दो किश्तों में जारी किया गया था। लेकिन आज 5 साल बीत जाने के बाद भी कई गाँवों में जमीन अधिग्रहण का कार्य नहीं हो पाया है जबकि इलाके के किसानों ने कलेक्टर रेट के 100 फीसद पर जमीन अधिग्रहण की स्वीकृति भी दे दी है। फिर भी कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण सड़क एवं भवन जमीन अधिग्रहण नहीं कर पाया है।
नंद किशोर चावला ने वर्ष 2015 में उठाई थी मांग, कई बार किए धरने-प्रदर्शन
बता दें कि हिसार जींद स्टेट हाईवे (वाया मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर) के लिए सबसे पहले मांग सर्वजन समाज पार्टी के र्राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने उठाई थी। 2 फरवरी 2015 को पहली बार उन्होंने सीएम विंडो पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भेजे पत्र में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राखी गढ़ी को विकसित करने के उद्देश्य से स्टेट हाईवे से जोड़ने की मांग उठाई थी। इसके लिए चावला द्वारा आस-पास के ग्रामीणों के सहयोग से प्रदेश में कई बार धरने-प्रदर्शन भी किए गए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह मांग मान ली और 7 मई 2016 को नारनौंद रैली के दौरान हिसार से जींद वाया मिर्जा पुर खरकड़ी चैनत मसुद पुर लोहारी राघो राखी गढ़ीं सड़क मार्ग के निर्माण को हरी झंडी दे दी।
लोहारी राघो समेत इन गांवों में पेंडिंग है जमीन अधिग्रहण का कार्य
हिसार-जींद स्टेट हाईवे के निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। काफी गाँवों में जमीन अधिग्रहण भी की जा चुकी है। मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर व गामड़ा समेत कुछ ही गाँवों में भूमि अधिग्रहण का कार्य शेष है। इस हाईवे के लिए सरकार ने 21 जनवरी 2019 को पहली बार 33.68 करोड़ रुपए की राशि जारी की जबकि दूसरी किश्त में 66 करोड़ रुपए सितंबर 2021 में जारी किए गए। 23 दिसंबर 2021 को जिला सचिवालय हिसार में आयोजित सड़क समिति की बैठक के दौरान तत्कालीन उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने भी इस हिसार-जींद स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दिए थे। जिला प्रशासन द्वारा 31 दिसंबर 2021 को जारी वर्ष 2022 की विकास परियोजनाओं की सूची में भी हिसार से जींद मार्ग वाया (मसूदपुर, डाटा, लोहारी राघो, राखी शाहपुर मिसिंग लिंक रूट नंबर-4) के निर्माण का जिक्र किया गया था।
हिसार हवाई अड्डे से सीधा जुड़ जाएगा हड़प्पाकालीन पयर्टन स्थल राखी गढ़ी
प्रदेश सरकार द्वारा हड़प्पाकालीन स्थल राखी गढ़ीं में एक बहुत बड़ा म्यूजियम बनाया गया है जिस पर हरियाणा सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च कर किए हैं। और यह पर्यटन व हड़प्पाकालीन स्थल इसी हिसार जींद हाईवे पर स्थित है। यह हाईवे बन जाने से हड़प्पाकालीन पर्यटन स्थल राखी गढ़ी हिसार हवाई अड्डे व जींद से सीधा जुड़ जाएगा जिससे यहां आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा। हिसार-जींद हाईवे बन जाने से राखी गढ़ीं सड़क मार्ग सीधा जुड़ जाएगा व हिसार-जींद के बीच का सफर 20 किमी कम हो जाएगा।
जमीन की कीमतों में आएगा भारी उछाल, बढेंगे रोजगार के साधन
हिसार-जींद हाईवे बनने से हाईवे के किनारों स्थित जमीन की कीमतों में भी भारी उछाल आएगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के साधन बढ़ेंगे। वर्तमान की बात करें तो पर्यटकों के हिसार पहुंचने के लिए कोई सीधा सड़क मार्ग नहीं है। पर्यटकों को कई बसें बदल बदल कर राखी गढ़ी तक पहुंचना पड़ता है। अब वर्ष 2026-27 तक इस हाईवे का काम पूरा होने की उम्मीद है जिससे लोहारी राघो समेत इस स्टेट हाईवे पर पड़ने वाले सभी गांवों में विकास का पहला पहले से दोगुनी रफ्तार से दौड़ेगा।
